सरीला (हमीरपुर)। राठ-जलालपुर मार्ग पर रिगवारा गांव के पास सोमवार को सब रजिस्ट्रार की सफारी गाड़ी की टक्कर से ई-रिक्शा सवार की मौत के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। मृतक रामबाबू गुप्ता के पुत्र भागवत प्रसाद की तहरीर पर पुलिस ने प्रभारी सब रजिस्ट्रार सुशील कुमार गुप्ता के खिलाफ कार्रवाई की। आरोप है कि सब रजिस्ट्रार तेजी और लापरवाही से वाहन चला रहे थे।
सोमवार को उमरिया गांव में दस्तावेज की जांच कर सरीला लौट रहे प्रभारी सब रजिस्ट्रार सुशील कुमार गुप्ता की सफारी गाड़ी की रिगवारा गांव के पास ई-रिक्शा से टक्कर हो गई थी। हादसे में रिरुआ बुजुर्ग गांव निवासी रामबाबू गुप्ता (55) की मौत हो गई थी। ई-रिक्शा चालक अजीत और नीरज निवासी टोला थाना राठ को मामूली चोटें आई थीं।
थाना प्रभारी जरिया मनोज कुमार पांडे ने बताया कि भागवत प्रसाद की सूचना पर सुशील गुप्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।