फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hamirpur News: सचिव की मौत के मामले में दो प्रधान व प्रतिनिधि पर प्राथमिकी

विज्ञापन
विज्ञापन
मौदहा (हमीरपुर)। विकास खंड मौदहा में तैनात ग्राम विकास अधिकारी राजू सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दो ग्राम प्रधानों और एक प्रधान प्रतिनिधि के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन



प्रयागराज के करछना थाना क्षेत्र के कैथी गांव निवासी सृष्टिनारायण सिंह ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र राजू सिंह मौदहा ब्लॉक में ग्राम विकास अधिकारी के पद पर तैनात था। 11 जून को सूचना मिली कि वह अपने कमरे में फंदे से लटका मिला है। सूचना पर परिजन मौदहा पहुंचे तो शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला।



तहरीर में आरोप लगाया गया है कि घटना से पहले राजू सिंह ने पत्नी और बड़े भाई को बताया था कि कुछ ग्राम प्रधान और एक प्रधान प्रतिनिधि उसे लगातार धमका रहे थे। आरोप है कि संबंधित लोग उसे आर्थिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे तथा दबाव बनाकर कई बार नकद और ऑनलाइन रुपये भी लिए गए।
विज्ञापन


मृतक के पिता के मुताबिक घटना वाले दिन सुबह भी राजू सिंह की पत्नी से कई बार बातचीत हुई थी, जिसमें उसने परेशान किए जाने की बात कही थी। इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। तहरीर में यह भी कहा गया है कि पूर्व में एक गौवंश प्रकरण में कार्रवाई कराने के कारण कुछ लोग उससे रंजिश मानते थे।
परिजनों ने हत्या कर शव फंदे से लटकाने की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इसके पहले परिजन कलक्ट्रेट भी पहुंचे थे और वहां पर प्रदर्शन किया था।


पुलिस ने तहरीर के आधार पर कुनेहटा ग्राम प्रधान रामराज, हिमौली ग्राम प्रधान सुनील कुमार और प्रधान प्रतिनिधि जुम्मन खान के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 के तहत प्राथमिकी दर्ज किया है। कोतवाली प्रभारी चंद्रशेखर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें