भरुआ सुमेरपुर। कस्बे के बांकी मार्ग स्थित बसंत नगर में भूमि पर कथित कब्जा कर निर्माण कराने के मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़ित ने समाधान दिवस में शिकायत दर्ज कराई थी।
बसंत नगर निवासी श्याम बाबू मिश्रा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने वर्ष 2005 में कस्बा निवासी रामप्रकाश तिवारी से 43 डिसमिल भूमि का बैनामा कराया था। आरोप है कि गत 23 जुलाई को ओमप्रकाश उर्फ मधु महाराज, अरुण कुमार मिश्रा, अम्बरीश कुमार मिश्रा तथा एक अज्ञात व्यक्ति उक्त भूमि पर निर्माण कार्य करा रहे थे।
श्याम बाबू के अनुसार उन्होंने अपने रिश्तेदार रजनीश कुमार को मौके पर भेजा जहां आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि विवादित भूमि पर पहले से बाउंड्रीवॉल, बोरवेल तथा अन्य निर्माण मौजूद हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य रुकवा दिया। आरोप है कि पुलिस के लौटने के बाद 24 जुलाई को दोबारा निर्माण शुरू करा दिया गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।