= जिला कृषि अधिकारी ने औचक छापेमारी कर परखीं उर्वरक दुकानों की व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। किसानों को निर्धारित दरों पर उर्वरक उपलब्ध कराने तथा कालाबाजारी एवं ओवररेटिंग पर अंकुश लगाने के लिए शनिवार को जिला कृषि अधिकारी व नायब तहसीलदार ने खाद दुकानों में छापेमारी की। खाद दुकानों पर अनियमितता मिलने पर एक दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया, वहीं दो दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी की हैं। विभागीय कार्रवाई से उर्वरक विक्रेताओं में खलबली मची है।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. हरिशंकर और नायब तहसीलदार रमेशचंद्र नामदेव ने उर्वरक दुकानों में औचक छापेमारी की। इस दौरान उन्होंने शिवहरे खाद भंडार छानी खुर्द, ओमर एजेंसी, सपना खाद भंडार, दिनेश खाद भंडार, न्यू बुंदेलखंड खाद भंडार बिवांर, न्यू किसान एग्री जंक्शन तथा एग्री जंक्शन का निरीक्षण किया। उन्होंने उर्वरकों के स्टॉक, बिक्री एवं संबंधित अभिलेखों की जांच की।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान छानी खुर्द स्थिति दिनेश खाद भंडार में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर दुकान का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं सपना खाद भंडार एवं शिवहरे खाद भंडार में स्टॉक तथा अभिलेखों का रख-रखाव नियमानुसार सही न पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी की गई हैं।
उन्होंने सभी निजी उर्वरक विक्रेताओं को निर्देशित किया है कि वे अपने प्रतिष्ठानों पर बैनर, प्रोपराइटर बोर्ड एवं रेट बोर्ड अनिवार्य रूप से चस्पा करें। साथ ही चेतावनी दी कि निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर उर्वरक बिक्री करने, कैश मेमो उपलब्ध न कराने, स्टॉक एवं रेट बोर्ड प्रदर्शित न करने अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विक्रेता के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।