कुरारा। विद्युत सब स्टेशन के कस्बा फीडर के ब्लास्ट होने से कस्बा वासियों को पांच घंटे गर्मी और मच्छरों से जूझना पड़ा। वहीं मनकी फीडर से जोड़कर कस्बे की विद्युत आपूर्ति शुरू की गई।
विद्युत सब स्टेशन में सोमवार की शाम से ही बिजली गायब हो गई। जो रात 12 बजे तक ठप रही। जिससे लोगों ने उमस भरी गर्मी व मच्छरों से जूझना पडा। वार्ड नंबर नौ निवासी बलवान सिंह गौर, राजा खान आदि ने बताया कि गर्मी के दस्तक देते ही विद्युत व्यवस्था पुराने ढर्रे में आ गई है। शाम ढलते ही बिजली की आंख मिचौली का खेल शुरू हो जाता है। कस्बावासियों को मच्छरों व गर्मी से जूझना पड़ रहा है। अवर अभियंता अभिषेक साहू ने बताया कि ऊपर के अधिकारियों के आदेश से कटौती करनी पड़ती है। कुरारा फीडर खराब हो जाने से मनकी फीडर से कस्बे की विद्युत आपूर्ति की जा रही है। मैकेनिक आने पर कुरारा फीडर शीघ्र ही ठीक कराकर आपूर्ति बहाल की जाएगी।
भरुआसुमेरपुर। क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती मुसीबत बनी हुई है।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को घोषणा की थी कि प्रदेशवासियों को 24 घंटे विद्युत आपूर्ति की जाए, लेकिन इसका असर दिखाई नहीं हो रहा है। सोमवार रात तथा मंगलवार को कस्बा सहित ग्रामीण क्षेत्रों में जमकर कटौती की गई। व्यापार मंडल ने सोमवार को ज्ञापन सौंप अघोषित कटौती बंद कराने करने की मांग कर चुका है। विद्युत वितरण खंड के एसडीओ आलमगीर अंसारी ने बताया कि अघोषित कटौती उनके स्तर से नहीं की जा रही है। विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता सुमित व्यास का फोन कवरेज क्षेत्र के बाहर बताता रहा। कस्बे के 132 केवी पावर हाउस के अवर अभियंता अरुण कुमार ने बताया कि लोड बढ़ने के कारण अघोषित कटौती पनकी पावर हाउस के निर्देश पर की जाती है।