बिजली समस्या को लेकर एसडीओ से वार्ता करते विधायक गयादीन अनुरागी व किसान
- फोटो : amarujala
राठ क्षेत्र में पलेवा के लिए बिजली न मिलने से किसानों का सब्र टूट गया। आक्रोशित किसानों ने 33केवीए उपखंड कार्यालय पहुंच जेई का घेराव किया। जिससे जेई और किसानों के बीच जमकर झड़पे र्हुइं। किसानों ने एसडीओ से खेतों की सिंचाई के लिए बिजली दिलाने की मांग की। इसी दौरान विधायक के पहुंचने पर किसान और उग्र हो गए। विधायक ने किसानों को समझा बुझाकर पावर कारपोरेशन के अधिकारियों से वार्ता की।
कस्बे में चरखारी रोड स्थित 33केवीए पावर स्टेशन से औडे़रा और टिकरिया फीडर से बिजली की आपूर्ति की जा रही है। पिछले एक पखवारे से इटौरा, बरेल, टूंका आदि गांवों के किसान बिजली की समस्या से जूझ रहे हैं। किसानों का कहना है कि पलेवा के लिए मात्र पांच से छह घंटे बिजली मिल रही है। ऊपर से लो वोल्टेज की समस्या बनी रहती है। जिससे उनके ट्यूबवेल चल नहीं पा रहे हैं।
किसानों ने कहा कि यदि खेतों का पलेवा नहीं हुआ तो बर्बाद हो जाएंगे। इसी समस्या को लेकर आधा सैकड़ा से अधिक किसान उपखंड कार्यालय जा पहुंचे। किसानों ने जमकर हंगामा काटा। इसी दौरान जेई निरंजन चौधरी के पहुंचते ही किसानों ने उनका घेराव कर लिया तो उनसे झड़प भी हुई। किसानों का कहना था कि उन्हें बिजली चाहिए।
इसी बीच कुछ किसान एसडीओ ज्ञानेश के पास पहुंचे और बिजली न मिलने की बात कही। किसान दिनेश प्रताप सिंह, नरेश कुमार, अशोक कमार, जागेश्वर ने कहा कि जेई फोन नहीं उठाते। यहां तक कि लाइनमैन भी मनमाने तरीके से काम कर रहे हैं। इसी बीच विधायक गयादीन अनुरागी भी कार्यालय पहुंच गए और अधिकारियों से नोकझोंक कर रहे किसानों को शांत कराकर पावर कारपोरेशन के जेई और अधिशाषी अधिकारियों से समस्या के निदान के लिए वार्ता की।
जेई निरंजन चौधरी ने बताया कि लोड अधिक होने के कारण किसानों को शिफ्टवार बिजली दी जा रही है। विधायक ने कहा कि यदि किसानों को बिजली नहीं मिली तो वह किसानों के साथ अनशन पर बैठने के लिए मजबूर होंगे।