फोटो 05 एमएएचपी 23 परिचय-समिति में खाद लेने के लिए कतारों में लगे किसानों को समझाते एसडीएम अवनी
चरखारी (महोबा)। धनुषधारी सहकारी समिति में सोमवार को खाद वितरण के दौरान किसानों की लंबी कतार लग गई। पहले खाद लेने व लाइन में लगने को लेकर किसानों में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। सूचना पर एसडीएम अवनीश तिवारी ने मौके पर पहुंचकर किसानों से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
रबी सीजन को लेकर किसान खाद के इंतजाम में जुट गए हैं। धनुषधारी सहकारी समिति में खाद वितरण की सूचना पर किसानों की भारी भीड़ जुट गई। देखते ही देखते समिति में लंबी-लंबी कतारें लग गईं। मौके पर पहुंचे एसडीएम ने कहा कि सभी किसानों को शासन की ओर से निर्धारित नियमों के तहत खाद उपलब्ध कराई जाएगी। किसी भी किसान को अनावश्यक परेशान होने की जरूरत नहीं है।
एसडीएम ने किसानों को भरोसा दिलाया कि खाद वितरण में पारदर्शिता बरती जाएगी। साथ ही पात्र किसानों को नियमानुसार खाद उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को भी वितरण व्यवस्था सुचारू रखने व किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए। इसके बाद किसानों ने कतारबद्ध होकर खाद प्राप्त की।