भेंडी डांडा के किसानों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
फसल बीमा और नुकसान के सर्वे में गड़बड़ी का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। बारिश से तिल, मूंग और उड़द की फसल बर्बाद होने के बाद भी किसानों को राहत नहीं मिल रही है। फसल बीमा कराने के बावजूद मुआवजा नहीं मिलने से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सरीला क्षेत्र के भेंडी डांडा गांव के परेशान किसानों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर नुकसान का सही आंकलन कराकर मुआवजा दिलाने की मांग की है।
शुक्रवार को बड़ी संख्या में भेंड़ी डांडा गांव के किसान कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां पर जिलाधिकारी अशोक कुमार को ज्ञापन सौंपा। किसानों का कहना था कि सितंबर माह में हुई मूसलाधार बारिश से किसानों की तिल, मूंग और उड़द की फसलें खेतों में ही नष्ट हो गईं। फसलों का बीमा भी कराया था, लेकिन अब तक उन्हें राहत नहीं मिली है। बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा। नुकसान का आंकलन भी सही तरीके से नहीं किया जा रहा।
खरीफ फसल चौपट हो जाने के बाद किसानों के सामने बड़ी चुनौती रबी फसल की बुआई है। खरीफ का मुआवजा मिल जाए तो कर्ज लेने की जरूरत नहीं रहेगी। किसानों ने आरोप लगाया कि फसल बीमा के लिए प्रीमियम जमा करने के बाद भी नुकसान की भरपाई नहीं हो पा रही है। किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ज्ञापन देने के बाद राकेश चंद्र, भीष्म सिंह, कालीचरन, सुरेंद्र अहिरवार, शुभव सिंह, अंबरीश, धर्मपाल सिंह, सौरभ, शिवपाल, तेज प्रताप सिंह, अखिलेश कुमार, शिवशंकर सिंह, मूलचंद्र, रोहित तिवारी समेत बड़ी संख्या में मौजूद किसानों ने एक स्वर में बीमा कंपनी से क्लेम दिलाने की मांग की है।