फसल की पैदावार घटने से किसान को सदमा लग गया और उसकी खेत में ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। किसान पर करीब पांच लाख रुपये कर्ज भी था।
चिकासी थाने के रावतपुरा गांव निवासी मुमताज ने बताया कि उसके पिता सैय्यददीन (60) के पास पांच एकड़ जमीन है। जमीन का कुछ भाग रहंक मौजा में भी है। बताया कि इस साल बारिश न होने से फसल की बुआई नहीं हो सकी। किसी तरह से पानी मिलने पर पिता ने बीते एक महीने पहले मटर की फसल बोई थी लेकिन कम मात्रा में मटर उगने से उसके पिता परेशान रहने लगे थे।
शनिवार की दोपहर वह खेत थे। उसी दौरान उनके सीने में दर्द हुआ और वह खेत पर गिर गए। परिजन आनन फानन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मुमताज ने बताया कि मटर की फसल की पैदावार नाम मात्र की हुई है। पिता पर साहूकारों का करीब पांच लाख रुपये कर्ज भी था। फसल अच्छी होने पर कुछ कर्ज चुकाने की बात भी कही थी लेकिन फसल अच्छी न देख सदमा लग गया।