राठ। क्षेत्र के औंता गांव में वृद्ध किसान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का कहना है कि अतिवृष्टि के कारण इस बार खेत पर कम पैदावार होने से किसान परेशान था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
औंता गांव निवासी रामअवतार राजपूत ने बताया कि उनके पिता सूरज सिंह (60) के नाम पर दस बीघा कृषि भूमि है। बुधवार रात सूरज सिंह ने दूसरे मकान में रस्सी के सहारे फांसी लगा ली। गुरुवार सुबह परिजनों ने उनका शव फांसी पर लटका पाया। बेटे ने बताया कि आर्थिक समस्या के चलते पिता चार बीघा जमीन बेच चुके थे। इस साल अतिवृष्टि के कारण खेत पर मटर की पैदावार काफी कम हुई थी। इससे पिता दुखी थे। इसी बात को लेकर उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। पुलिस का कहना है कि मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।
- 13 दिन के भीतर गांव में चौथी आत्महत्या
गांव में इससे पहले 18 मार्च को अरविंद्र कुमार (37) ने जहर खाकर, 24 मार्च की रात हल्के प्रसाद राजपूत (50) ने खेत में फांसी लगाकर और 26 मार्च को अनिल कुमार (32) ने जहर खाकर जान दी थी। तेरह दिन में आत्महत्या का यह चौथा मामला है।