राठ (हमीरपुर)। खेत में बारिश का पानी भरने से फसल डूबी देख किसान को हार्ट अटैक आ गया। परिजन सीएचसी लाए जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि वह पानी में डूबी फसल देखकर दुखी थे। इसी से उन्हें हार्ट अटैक आ गया।
मुस्करा थाना क्षेत्र के बिहुंनी कलां गांव निवासी दीपक कुमार ने बताया कि शनिवार शाम को उनके चाचा वीरेंद्र सिंह (65) खेत में फसल देखने गए थे। शुक्रवार को हुई तेज बारिश से खेतों में काफी पानी भरा हुआ था। फसल पूरी तरह से डूबी हुई थी। यह देखकर वीरेंद्र सिंह को हार्ट अटैक आ गया।
परिजन सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टर चंद्रशेखर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके नाम पर 30 बीघा जमीन थी। जिसमें उन्होंने तिल, उड़द और मूंगफली की फसल की बोई थी। वह अपनी पत्नी केशवती के साथ खेती करते थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।