रोहित बेमुला के हत्यारोपियों को फांसी देने के साथ ही आरएसएस व एबीवीपी पर प्रतिबंध लगाने की मांग करते हुए बहुजन मुक्ति पार्टी के कार्यकर्ताओें ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। बस स्टाप तिराहे के पास प्रधानमंत्री का पुतला फूंका। इसके बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को दिया गया।
बहुजन मुक्ति पार्टी के जिलाध्यक्ष बीएल कोरी की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित गोल चबूतरे पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने हैदराबाद यूनिवर्सिटी के छात्र रोहित वेमुला की हत्यारों को फांसी देने की मांग की। साथ ही कहा कि आरएसएस व अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद को प्रतिबंधित किया जाए।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि उनकी मांगे न मानी गई तो यह आंदोलन जारी रहेगा। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने बस स्टाप तिराहे पर प्रधानमंत्री का पुतला जलाकर विरोध जताया। तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देने वालों में महेश चमन, आदर्श राव, रविकरन, रामहेत, अवधेश प्रजापति, कलीमुद्दीन, शिवकरण, वीर सिंह यादव, जसवंत सिंह, चंद्रपाल, बालादीन, देवीचरन वर्मा व सियाराम आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।