गहरौली (हमीरपुर)। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी द्वारा संचालित स्नातक स्तर के कोर्स बीए, बीएससी व बीकॉम के सम सेमेस्टर की परीक्षाएं शनिवार 11 अप्रैल से दो पालियों में शुरू हो रही हैं। जिले में परीक्षाओं को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए विश्वविद्यालय ने 36 परीक्षा केंद्र स्थापित किए हैं। सभी महाविद्यालयों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में ऑनलाइन आयोजित होंगी, जिसकी मॉनिटरिंग झांसी विश्वविद्यालय के कंट्रोल रूम से होगी।
राजकीय, वित्तपोषित व स्वावित्तपोषित महाविद्यालयों में बीए, बीएससी व बीकॉम के चतुर्थ व छठे सम सेमेस्टर की परीक्षाएं शनिवार से प्रारंभ होंगी। पहली पाली सुबह साढ़े सात से नौ बजकर तीस मिनट तक तथा दूसरी पाली ग्यारह बजे से एक बजे तक चलेगी। विश्वविद्यालय ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और ओएमआर शीट्स महाविद्यालयों में पहुंचा दी गई हैं। परीक्षाएं ओएमआर आधारित बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित होंगी। जिले में छह नोडल केंद्र बनाए गए हैं, जहां से प्रश्नपत्र वितरित होंगे और उत्तर पुस्तिकाएं जमा की जाएंगी।
बाबूराम महाविद्यालय बिगहना के प्राचार्य डॉ. अरविंद्र कुमार पांडे ने बताया कि विश्वविद्यालय के परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार शनिवार को पहली पाली में बीएससी छठे सेमेस्टर रसायन विज्ञान प्रथम पत्र तथा दूसरी पाली में बीए चतुर्थ सेमेस्टर दर्शनशास्त्र व उर्दू साहित्य विषय की परीक्षा होगी। सभी कमरों में सिटिंग प्लान तैयार कर लिया गया है।