भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। कस्बे के वार्ड संख्या एक में निकलने वाले रास्ते की जमीन पर कब्जा करके सीसी मार्ग का निर्माण कार्य रोकने से नाराज महिलाओं ने बांदा मार्ग (स्टेट हाईवे) पर जाम लगा दिया।
इस दौरान वहां से गुजर रही एंबुलेंस को भी महिलाओं ने रोक लिया। जिसे रास्ता दिलवाने में पुलिस के पसीने छूट गए। पुलिस की सख्ती के बाद एंबुलेंस को रास्ता मिल सका। महिलाओं को समझाने के एक घंटे बाद जाम खुल सका।
कस्बे के वार्ड संख्या एक की निवासी सुनीता निषाद, विद्या विश्वकर्मा, विजय लक्ष्मी, रानी, कमला, अनुसुइया, सुशीला, रजनी, सीता देवी, रामजानकी, कल्पना, रेखा, रामप्यारी सहित 100 से अधिक महिलाएं मामले को लेकर नाराज दिखीं।
उन्होंने बताया कि एक रास्ता बस्ती से होकर सीधे बांदा मार्ग पर जुड़ता है। आरोप है कि बांदा मार्ग के किनारे रहने वाले मुन्ना विश्वकर्मा ने रास्ता बंद करके सीसी मार्ग का निर्माण रोक दिया है। इससे बस्ती के लोग परेशान हैं।
इसी से नाराज महिलाएं दोपहर करीब तीन बजे बांदा मार्ग जाम करके हंगामा करने को मजबूर हो गईं। इस दौरान महिलाओं के साथ आए छोटे बच्चे भी हाईवे पर बैठक गए।
उधर, जाम की सूचना पाकर क्राइम इंस्पेक्टर रामकुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रभारी अधिशासी अधिकारी से फोन पर वार्ता कर उन्हें समस्या से अवगत कराया। महिलाओं द्वारा बांदा स्टेट हाईवे पर जाम लगाने के दौरान एक एंबुलेंस बीच में फंस गई।
इसको निकलवाने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। क्राइम इंस्पेक्टर ने जब महिलाओं से एंबुलेंस निकलने के लिए सड़क से हटने के लिए कहा तो महिलाओं ने रास्ता खोलने से मना कर दिया। इस क्राइम इंस्पेक्टर ने सख्ती दिखाते हुए कार्रवाई करने के लिए चेतावनी दी।
तब कहीं जाकर महिलाओं ने एंबुलेंस को रास्ता दिया।समस्या के समाधान के लिए दोनों पक्षों को शनिवार को थाने पर बुलाया गया। क्राइम इंस्पेक्टर के समझाने पर महिलाओं ने जाम खोल दिया। एक घंटे तक जाम लगने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई।