हमीरपुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा में सोमवार को अंग्रेजी का प्रश्नपत्र कठिन आने से छात्र उलझ गए। वहीं, शाम पाली में इंटर की गणित व जीव विज्ञान की परीक्षाएं कराई गईं। दोनों पालियों में कोई नकलची नहीं पकड़ा गया। सुबह पाली में 679 व शाम पाली में 166 विद्यार्थी गैरहाजिर रहे। हालांकि इस दौरान केंद्रों पर व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहीं।
बोर्ड परीक्षा में सुबह पहली पाली में हाईस्कूल के छात्रों ने अंग्रेजी विषय की परीक्षा दी। पंजीकृत 14836 छात्रों में 14157 छात्र उपस्थित रहे और 679 विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। अंग्रेजी का प्रश्नपत्र कठिन होने से छात्रों को उसे हल करने में परेशानी उठानी पड़ी। छात्रों का कहना था कि कई ऐसे प्रश्न थे जो पढ़े हुए नहीं थे। उन्होंने बताया कि प्रश्नपत्र हल करने का प्रयास किया गया लेकिन फिर भी सभी हल नहीं कर पाए। वहीं, इंटर की फल एवं खाद्य संरक्षण परिधान संरचना पुस्तकालय विज्ञान की परीक्षा में कुल 201 के सापेक्ष 191 छात्र उपस्थिति रहे, जबकि 10 ने परीक्षा छोड़ दी हैं। शाम पाली में इंटरमीडिएट की गणित व जीव विज्ञान की परीक्षा हुईं। इनमें 6504 छात्रों में 6348 ने परीक्षा दी और 156 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी।
डीआईओएस महेश कुमार गुप्ता ने बताया कि परीक्षा सकुशल संपन्न हो गई, कहीं कोई नकलची नहीं पकड़ा गया। कंट्रोल रूम से सभी केंद्रों पर हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।