- एनएचएम के 741 स्वास्थ्य कर्मियों की तीन दिवसीय हड़ताल
- नियमितीकरण सहित आठ सूत्रीय मांग को लेकर खोला मोर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। एनएचएम संविदा कर्मियों की तीन दिवसीय कार्य बहिष्कार के चलते जिला अस्पताल सहित सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। इसके चलते मरीजों की परेशानी बढ़ गई हैं। खून जांच से लेकर अन्य सेवाएं प्रभावित रहीं। मरीजों को एक से दो घंटे बाद जांचे मिल रही हैं।
शुक्रवार को जिला महिला अस्पताल में संवाद न्यूज टीम दोपहर 12:22 बजे पहुंची। यहां एएनसी कक्ष में कुर्सी खाली मिली। यहां तैनात एनएचएम निखिता और नीलम सहित अन्य कर्मी हड़ताल पर मिले। पैथोलॉजी में भी एलटी न होने से जांच रिपोर्ट भी एक से दो घंटे विलंब से दी जा रही हैं। सीएमएस डॉ. राजीव शाक्य ने बताया कि एनएचएम के लगभग 55 स्वास्थ्य कर्मी तैनात हैं। वैसे भी स्टॉफ की कमी है और हड़ताल के कारण कुछ सेवाएं प्रभावित है।
वहीं जिला पुरुष अस्पताल में इंटीग्रेटेड लैब के चार एलटी सहित कुल 36 कर्मियों की तैनाती है। इनमें एलटी दीपक, फिरोज, बीरेंद्र, दिलीप हड़ताल में होने के कारण खून जांचें प्रभावित हो रही हैं। मरीजों को लेट जांच मिलने के कारण उन्हें दूसरे दिन अस्पतालों का चक्कर लगाना पड़ रहा है। प्रभारी सीएमएस डॉ. आरएस प्रजापति ने बताया कि एनएचएम के करीब 35 कर्मी कार्यरत हैं। प्रदर्शन अस्पताल के पास में होने के कारण कुछ कर्मी हड़ताल में कुछ देर के लिए चले जाते हैं और फिर वापस आकर काम भी निपटाते हैं। तीन एलटी लगातार हड़ताल में होने के कारण खून जांचे एक से दो घंटे देरी से मिल रही हैं।
वार्ड बॉय व स्वीपर के भरोसे अस्पताल
फोटो 09 एचएएमपी 24- गहरौली पीएचसी में खाली पड़ा चिकित्सक कक्ष। संवाद
गहरौली संवाद के अनुसार, हड़ताल और अवकाश पर कर्मचारियों के जाने के कारण मरीजों का इलाज नहीं हो सका, हालांकि अस्पताल खुला रहा। हड़ताल के कारण पीएचसी गहरौली में तैनात संविदा के बीएएमएस चिकित्सक डॉ. मनोज कुमार कुशवाहा हड़ताल में शामिल रहे। तैनात फार्मासिस्ट सुनीत कुमार सचान अवकाश पर थे। वार्ड बॉय विनोद कुमार और स्वीपर अस्पताल खोलकर बैठे थे। सीएचसी प्रभारी डॉ. बृजेंद्र सिंह राजपूत ने बताया कि फार्मासिस्ट शुक्रवार को प्रतिकर अवकाश में थे। (संवाद)
दूसरे दिन भी जारी रहा कार्य बहिष्कार
फोटो 09 एचएएमपी 25- शहर के सीएमओ कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करते एनएचएम कर्मी। संवाद
हमीरपुर। शुक्रवार को दूसरे दिन भी एनएचएम संविदा कर्मियों का कार्य बहिष्कार जारी रहा। संविदा कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष राहुल सचान ने कहा कि टीकाकरण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीबी नियंत्रण, संचारी व गैर संचारी रोगों की रोकथाम समेत राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों को धरातल पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका स्वास्थ्य कर्मी निभा रहे हैं। स्थायी कर्मियों की भांति समान कार्य करने के बावजूद समान वेतन नहीं मिल रहा। जब तक नियमितीकरण की प्रक्रिया पूरी नहीं होती, तब तक समान काम के लिए समान वेतन लागू करते हुए मानदेय में तत्काल वृद्धि की जाए। कहा कि यह प्रदर्शन तीन दिन चलेगा। सरकार ने उनकी बात नहीं सुनी तो 12 अक्तूबर को लखनऊ में प्रदर्शन होगा। इस दौरान महामंत्री जितेंद्र कुमार, सुरेंद्र साहू, अक्षय सिंह, मंजरी गुप्ता, दीपक यादव, गौरीश, अजय वर्मा, डॉ. रश्मि खरे, डॉ. अनुराग मिश्रा, डॉ. मनीष, कल्पना सिंह, सुप्रिया सचान, जुनैद अहमद, रासिद, आरती, विमलेश, आकांक्षा मौजूद रहीं। (संवाद)
फोटो 09 एचएएमपी 23- जिला अस्पताल में खून जांच के लिए काउंटर पर खड़े मरीज। संवाद
फोटो 09 एचएएमपी 23- जिला अस्पताल में खून जांच के लिए काउंटर पर खड़े मरीज। संवाद