बिवांर/गहरौली। बिवांर व इमिलिया पावर हाउस के निकली हाईटेंशन लाइन में बारिश के कारण सोमवार की दोपहर फाल्ट हो गया। इससे 24 गांवों की बिजली गुल हो गई। मंगलवार की दोपहर बिजली कर्मी फाल्ट खोज सके। इस दौरान 22 घंटे तक लोगों को बिजली और पानी की समस्या से जूझना पड़ा।
सोमवार दोपहर करीब दो बजे बादलों की गर्जना व चमक के साथ हुई बारिश के चलते 33 केवी लाइन में सोमवार की दोपहर दो बजे फाॅल्ट आ गया।
इससे बिवांर व गहरौली गांवों के अलावा बिवांर, निवादा, लोदीपुर, मौखरी, खिरवा, बांधुर खुर्द, बांधुर बुजुर्ग, छेणी, चंदौली, भरखरी, सायर, ऊपरी और छानी गांव का आधे हिस्से प्रभावित रहे। वहीं, सुमेरपुर से बिवांर होते हुए इमिलिया पावर हाउस जाने वाली 33 केवीए लाइन भी फॉल्ट में रही।
इससे यहां के इमिलिया, गहरौली,उमरी, कैमोखर, करगांव, टीहर, तगारी, भुगैचा आदि लगभग एक दर्जन गांवों की भी सप्लाई बंद रही। लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। देवी पंडालों में अंधेरा छाया रहा। वहीं, पेयजल आपूर्ति भी ठप रही।
विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता अशोक कुमार ने बताया कि 33 केवीए लाइन में चार जगह फाल्ट हुए थे। सुमेरपुर में राजकीय पॉलिटेक्निक के पीछे तपोभूमि के पास, विदोखर के पास, भरसवां के पास और विदोखर व सुमेरपुर के बीच फॉल्ट हुए थे।
खेत भरे होने की वजह से रात में फॉल्ट तलाश करने में मुश्किल हुई। सुबह सभी जगह फीडरों की लाइन चालू करा दी गई है।