गहरौली। विकास खंड मुस्करा के इमिलिया व बिवांर पावर हाउस के बीच तारों में बिजली गिरने से मेन लाइन फाल्ट होने से दो दर्जन की आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली विभाग ने सोमवार की देर रात तक फाल्ट ढूंढने का प्रयास किया गया, लेकिन मंगलवार शाम तक बिजली ठीक नहीं हो सकी।
सोमवार की शाम मूसलाधार बारिश हुई थी। तभी इमिलिया पावर हाउस की मेन लाइन में हॉट पैदा हो गया। जिससे पावर हाउस के गहरौली, हुसैना, खेरवा, इमिलिया, मसगांव, उमरी, न्यूरिया टीहर, केमौखर सहित दो दर्जन गांव की बिजली आपूर्ति ठप रही। बिजली आपूर्ति ठप होने से भीषण गर्मी व पेयजल की समस्या बनी रही। जिससे ग्रामीण पूरे दिन पानी के लिए भटकते रहे।
उधर सोमवार को कर्मचारियों ने रात 12 बजे तक फाल्ट ढूंढने का प्रयास किया। मगर मंगलवार की दोपहर 12:30 बजे फाल्ट ठीक हुआ। लेकिन एक घंटे बाद बिजली फिर गायब हो गई। अवर अभियंता अजय कुमार ने बताया सोमवार को बारिश से लाइन में बिजली गिर गई थी। कहा कर्मचारियों ने फाल्ट की तलाश लगातार की, उसके बाद भी फाल्ट नहीं मिल सका। दो दर्जन के ऊपर जले हुए इंसुलेटर बदले जा चुके हैं। देर रात तक बिजली आपूर्ति सुचारु की जाएगी।