ओवरलोड के चलते कस्बे में सबस्टेशन के मुख्य ट्रांसफार्मर की केबिल खराब हो गई। इसमें कस्बा सहित 50 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। अवर अभियंता ने जल्द आपूर्ति बहाल होने की संभावना जताई है।
कस्बे का 33/11 पावर हाउस ओवरलोड का शिकार है। मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे दस एमवीए के मुख्य ट्रांसफार्मर की केबिल बर्स्ट हो गई। जिससे इस ट्रांसफार्मर से जुड़े सभी फीडरों की सप्लाई ठप हो गई। केबिल दुरुस्त करने के लिए दूसरे ट्रांसफार्मर की भी सप्लाई बंद कर दी गई।
पूरा दिन लोग परेशान रहे। वहीं पलेवा के इंतजार में किसान खेतों में बैठे रहे। अवर अभियंता जगदीश प्रसाद ने बताया कि केबिल बनाने का कार्य जारी है।
ये है हाल
पावर हाउस में तैनात एसएसओ ने बताया कि सभी फीडर ओवरलोड हैं। फीडरों में 200 एंपियर की सीडी लगी है। लेकिन धनपुरा फीडर में 300 एंपियर, बांकी में 260, मुंडेरा में 240 सहित अन्य फीडरों पर भी अधिक लोड है। कर्मचारियों का कहना है कि ओवरलोड की समस्या से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है।
दो सबस्टेशन बनने से हल होगी समस्या
भरुआसुमेरपुर। कस्बे के सबस्टेशन को ओवरलोड की समस्या से निजात दिलाने के लिए दो सबस्टेशन बनाए जाने हैं। जिसमें चंदपुरवा गेट के पास सब स्टेशन बनकर तैयार है, लेकिन उपकरण न आने से ये चालू नहीं हो पा रहा है। वहीं पारा रैपुरा गांव में सब स्टेशन बनना है। इन दोनों सब स्टेशन के चालू होने पर ओवरलोड की समस्या का समाधान हो जाएगा।