फोटो 03 एचएएमपी 12- घटना की जांच पड़ताल करती पुलिस। संवाद
भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। मुख्यालय के इंटर कॉलेज से अर्धवार्षिक परीक्षा देकर घर लौट रही एक छात्रा को रास्ते में रोककर बदमाशों ने जबरिया बाइक पर बैठाने का प्रयास किया। छात्रा के विरोध करने पर दोनों ने उसके कान से सोने की बालियां छीन लीं और भाग गए।
यह वारदात दोपहर के समय बांदा मार्ग पर बोड़ा धर्मशाला के समीप हुई। बाइक सवार दो बदमाशों ने छात्रा को रास्ते में रोका और जबरदस्ती बाइक में बिठाने की कोशिश की। छात्रा के नहीं बैठने पर उन्होंने उसके कान की बाली छीन ली और भाग निकले। पीड़ित छात्रा ने थाने में लिखित शिकायत की है। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। थानाध्यक्ष पवन कुमार पटेल ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है और गहनता से जांच की जा रही है।