हमीरपुर। परिवहन निगम ने यात्रियों की सुविधा के लिए बसों के अतिरिक्त फेरे लगाने की योजना शुरू की है। 18 से 30 अक्तूबर तक चलने वाली इस योजना में अतिरिक्त फेरों पर परिवहन निगम प्रोत्साहन राशि देगा। इसका उद्देश्य यात्रियों को सुगमता से उनके गंतव्य तक पहुंचाना है। साथ ही उन्हें टिकट मिलने में आसानी होगी और प्रतीक्षा कम करनी होगी।
एआरएम आरपी साहू ने बताया कि प्रोत्साहन अवधि में चालक, परिचालक कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसमें संविदा व आउटसोर्सिंग के चालकों व परिचालकों को भी लाभ मिलेगा। योजना के तहत न्यूनतम 12 दिनों में दैनिक रूप से निर्धारित औसत किलोमीटर का संचालन करते हैं, तो 400 रुपये प्रतिदिन की दर से एकमुश्त 4,800 रुपये का विशेष प्रोत्साहन राशि का भुगतान दिया जाएगा। इस अवधि में औसतन 300 किलोमीटर रोजाना का संचालन करना होगा। वहीं, कर्मचारी प्रोत्साहन अवधि तक ड्यूटी करते हैं और किलोमीटर का मानक पूरा करते हैं, तो 450 रुपये प्रति दिन की दर से कुल 5,850 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
इसके अलावा चालकों व परिचालकों की प्रोत्साहन अवधि में निर्धारित मानक से अधिक किलोमीटर अर्जित करने पर अतिरिक्त किलोमीटर पर 55 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से अतिरिक्त मानदेय दिया जाएगा। प्रोत्साहन अवधि में 13 दिन लगातार ड्यूटी करने वाले डिपो कार्यशाला में कार्यरत कार्मिकों को एकमुश्त 2,500 रुपये व 12 दिन ड्यूटी करने वाले कार्मिकों को एकमुश्त 2,100 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।