सुमेरपुर। थाना क्षेत्र के कुंडौरा गांव में नेशनल हाईवे-34 पर एचपी पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे दो पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक पिकअप चालक की मौत हो गई, जबकि दूसरी पिकअप के चालक और क्लीनर घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया।
थाना प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि हादसे में अरविंद पुत्र रामआसरे निवासी थाना जसपुरा जनपद बांदा गंभीर रूप से घायल हुए थे। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दूसरी पिकअप के चालक अनिरुद्ध यादव उर्फ संजय पुत्र लाखन सिंह और क्लीनर महिपाल सिंह पुत्र हरिश्चंद्र निवासी कुरारा जनपद हमीरपुर घायल हुए हैं। क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।