महोबा। पत्थरमंडी कबरई में स्थित होम्योपैथी अस्पताल में डॉक्टर की तैनाती की जाएगी।
मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराए जाने के लिए डीएम की ओर से प्रमुख सचिव आयुष को पत्र भेजकर डॉक्टर की तैनाती किए जाने की मांग की गई है। यदि सबकुछ ठीक रहा तो यहां जल्द ही डॉक्टर की तैनाती हो जाएगी।
करीब 40 हजार की आबादी वाले कस्बा कबरई में होम्योपैथी अस्पताल में डॉक्टर न होने से मरीजों को इस पद्धति से इलाज कराने के लिए जिला अस्पताल महोबा जाना पड़ता है। कोरोना काल के बाद मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के लिए कबरई कस्बे में होम्योपैथी अस्पताल का निर्माण कराया गया था। अस्पताल के निर्माण के बाद यहां डॉक्टर का पद सृजित हुआ, लेकिन डॉक्टर की तैनाती नहीं हो सकी। हालांकि, यहां एक वार्ड ब्वाय व एक फाॅर्मासिस्ट तैनात है जबकि होम्योपैथी अस्पताल गहरा में तैनात डॉक्टर बृजराज सिंह को कबरई अस्पताल से संबद्ध कर काम चलाया जा रहा है।
डॉ. बृजराज यहां सप्ताह में सिर्फ दो दिन ही बैठते हैं। ऐसे में मरीजों को होम्योपैथी अस्पताल का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है। जिला होम्योपैथी अधिकारी डॉ. पंकज सक्सेना ने मरीजों की इस समस्या से डीएम को अवगत कराया। तब डीएम मृदुल चौधरी ने इस मामले को गंभीरता से लिया और होम्योपैथी अस्पताल में डॉक्टर की तैनाती किए जाने के लिए प्रमुख सचिव आयुष को पत्र भेजा है।
कबरई स्थित होम्योपैथी अस्पताल में स्थाई डॉक्टर की तैनाती का प्रयास किया जा रहा है। डीएम के माध्यम से प्रमुख सचिव को पत्र भेजा गया है। शीघ्र ही डाॅक्टर मिलने की उम्मीद है। -डॉ. पंकज सक्सेना, जिला होम्योपैथी अधिकारी, महोबा