कस्बे के नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात डॉक्टराें के नदारद रहने से आपात कालीन सेवा ठप पड़ी हुई है। रविवार को मारपीट की शिकार एक महिला सुबह से शाम तक मेडिकल कराने के लिए खड़ी रही। लेकिन उसका मेडिकल नहीं हो सका।
शनिवार की देर शाम थानाक्षेत्र के धुंधपुर गांव में लेन-देन के विवाद में मालती द्विवेदी के साथ मारपीट हुई थी। देर रात पीड़िता ने थाने में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने रात में ही मेडिकल के लिए पीएचसी भेज दिया।
डॉक्टरों ने सुबह आने की बात कहकर वापस कर दिया। रविवार को सुबह 11 बजे जब होमगार्ड पीड़िता मालती को मेडिकल कराने के लिए अस्पताल लाया तो डाक्टर नदारद थे। महिला शाम चार बजे तक मेडिकल कराने के लिए बैठी रही लेकिन डॉक्टर नहीं आए।
विभागीय सूत्रों ने बताया कि प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आशुतोष मिश्रा जिले से बाहर हैं और डॉ. अमित वर्मा की तबियत खराब है। फार्मासिस्ट अंकित सचान ने बताया कि डॉक्टर साहब के आने के बाद भी मेडिकल हो पाएगा।