= मरीजों को दवाएं अस्पताल से या प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र से उपलब्ध कराई जाएं
= राष्ट्रीय एकता दिवस पर मरीजों को फल बांटकर डीएम ने परखी स्वास्थ्य सेवाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर जनपद में राष्ट्रीय एकता दिवस विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। जिलाधिकारी अशोक कुमार ने जिला संयुक्त चिकित्सालय (पुरुष एवं महिला) पहुंचकर मरीजों को फल वितरित किए और उनका हालचाल जाना।
डीएम ने चिकित्सकों से उपलब्ध संसाधनों के जरिए उपचार सुनिश्चित करने तथा अनावश्यक रेफर करने से बचने को कहा। साथ ही निर्देशित किया कि मरीजों को जरूरी दवाएं अस्पताल के दवा स्टोर अथवा प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र से उपलब्ध कराई जाएं। किसी को भी बाहर से दवा खरीदने के लिए मजबूर न किया जाए।
महिला चिकित्सालय में जननी सुरक्षा योजना के तहत पिछले और वर्तमान वित्तीय वर्ष में अप्रैल से अब तक लंबित भुगतानों पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने सीएमएस को एमओआईसीवार सूची तैयार कर एक सप्ताह में सभी भुगतान निस्तारित करने के निर्देश दिए। वहीं, मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने वृद्धाश्रम एवं कुष्ठ आश्रम में फल वितरित किया। इस दौरान एडीएम राकेश कुमार, सीएमएस पुरुष डॉ. आरएस प्रजापति, सीएमएस महिला राजीव शाक्य मौजूद रहे।
-
एसपी ने पुलिसकर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा की दिलाई सपथ
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर पुलिस द्वारा राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के प्रति समर्पण के भाव से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता व सुरक्षा बनाए रखने तथा सामाजिक सद्भाव और भाईचारे को सुदृढ़ करने की शपथ दिलाई गई।
-
रन फॉर यूनिटी का आयोजन
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अपर पुलिस अधीक्षक हमीरपुर द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। पुलिस लाइन हमीरपुर से प्रारंभ हुई यह रैली कस्बे के प्रमुख मार्गों से निकाली गई। इसमें पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने तिरंगा और सरदार पटेल के चित्रों के साथ राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं भाईचारे का संदेश दिया। दूसरी ओर कलक्ट्रेट परिसर में सूचना विभाग की ओर से राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता विषय पर चित्र प्रदर्शनी लगाई गई। वहीं, कलक्ट्रेट स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में पटेल जी के जीवन एवं कृतित्व पर विचार गोष्ठी व सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए।
लौह पुरुष को किया नमन
हमीरपुर। शहर के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में हर्षोल्लास से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संगीताचार्य ज्ञानेश जड़िया के नेतृत्व में मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य रामप्रकाश गुप्ता ने सरदार जी के जीवन, व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका पर प्रकाश डाला। इस दौरान रमेश शुक्ल, शशि गंगोला, वेदप्रकाश शुक्ल मौजूद रहे।
665 रियासतों का एकीकरण कर रचा इतिहास
सुमेरपुर। वर्णिता संस्था के तत्वावधान में आयोजित विमर्श विविधा कार्यक्रम में सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। संस्था अध्यक्ष डॉ. भवानीदीन ने कहा, उन्होंने दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शिता के बल पर 665 देशी रियासतों का एकीकरण कर देश की एकता और अखंडता को मजबूत किया। इस दौरान अशोक अवस्थी, सिद्धा, बाबूलाल प्रजापति, महावीर प्रजापति, रिचा, भोलू सिंह मौजूद रहे। (संवाद)
फोटो-31एचएएमपी 24- पुलिसकर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा की सपथ दिलाते एसपी। विभाग