भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। घर के दरवाजे पर गंदा पानी फेंकने का विरोध करने से नाराज पड़ोसियों ने दृष्टिबाधित दिव्यांग दंपती पर लाठी-डंडों और ईंट से हमला कर दिया। आरोप है कि दबंगों की पुत्री ने दिव्यांग महिला के सिर पर महज 11 सेकंड में 11 बार ईंट से प्रहार कर दिया जिससे उसका सिर फट गया। पीड़ित दंपती ने थाने में तहरीर दी है।
कस्बे के वार्ड नंबर पांच निवासी छोटेलाल और उनकी पत्नी सुखरनियां जन्म से ही दृष्टिबाधित हैं। दंपती के मुताबिक पड़ोसियों ने उनके घर के बाहर गंदा पानी फेंक दिया था। विरोध करने पर पड़ोसी इंद्रकुमार, उसकी पत्नी अनीता और पुत्री खुशी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि तीनों ने लाठी-डंडों और ईंट से मारपीट की। घटना में सुखरनियां के सिर में गंभीर चोट आई और वह घायल हो गईं। थानाध्यक्ष पवन पटेल ने बताया कि आरोपी दंपती और उनकी पुत्री के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।