फोटो 25 एचएएमपी 17 - पत्योरा के कंपोजिट विद्यालय के बाहर लटकता ताला एवं खड़े बच्चे। सोशल मीडिया
भरुआ सुमेरपुर। शनिवार को ग्राम पंचायत पत्योरा डांडा में संचालित कंपोजिट विद्यालय समय से न खुलने से छात्र-छात्राएं परेशान रहे। गेट पर ताला लटकने से बच्चे गेट के बाहर बैठे रहे। ग्रामीणों ने सुबह 9:15 बजे गेट बंद होने का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया।
ग्राम पंचायत पत्योरा डांडा के कंपोजिट विद्यालय में पंजीकृत 372 बच्चों के पढ़ाने के लिए आठ शिक्षक एवं दो अनुदेशक तैनात हैं। इसके बाद भी विद्यालय समय से नहीं खुलता है। शनिवार को सवा नौ बजे गेट पर टेट पर ताला लटकने का वीडियो बनाकर किसी ने वायरल कर दिया। वायरल वीडियो का संवाद न्यूज एजेंसी पुष्टि नहीं करती है।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रंजना विश्वकर्मा ने बताया कि उनके पैर में चोट लग गई थी। वह मेडिकल पर थीं। विद्यालय की चाबी रसोइया संगीता के पास थी। उसके मायके में गमी हो गई है। वह सुबह 6:00 बजे चली गई थी। इस वजह से समय से विद्यालय नहीं खोला गया। ग्रामीणों का आरोप है कि यह नई बात नहीं है। किसी भी दिन विद्यालय समय पर नहीं खोला जाता है। खंड शिक्षा अधिकारी प्रभाकर सिंह तोमर ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। प्रधानाध्यापिका सहित सभी शिक्षकों को नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया है। सोमवार को वह गांव जाकर मामले की जांच करेंगे।