मौदहा। भाकियू के जिलाध्यक्ष शिवपूजन निषाद ने एसडीएम को ज्ञापन देकर बताया कि मुस्करा क्षेत्र के न्यूंरिया गांव में शराब ठेका संचालित है। इसके पास कन्या प्राथमिक विद्यालय, यज्ञ स्थल और भगवान शंकर का मंदिर स्थित है। ठेके पर दिन-रात शराब बिक्री होने से गांव का माहौल खराब हो रहा है। आए दिन विवाद की घटनाएं होती रहती हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि शराबियों के आतंक से महिलाओं और बेटियों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। शराबी अभद्र टिप्पणी करते हैं और छेड़छाड़ करते हैं। इस संबंध में पूर्व में डीएम से शिकायत भी की गई थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने शराब ठेके का विरोध किया तो आबकारी विभाग और ठेकेदार ने किसानों पर फर्जी प्राथमिकी दर्ज करा दी। यूनियन ने एसडीएम से शराब ठेके को गांव के बाहर स्थानांतरित करने व किसानों पर दर्ज प्राथमिकी की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।