हमीरपुर। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने मंगलवार को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। उन्होंने अपने जन्मभूमि स्थित रेलवे स्टेशन और हमीरपुर रोड रेलवे स्टेशन पर सुविधाओं की मांग की। इस पहल से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
आयोग की अध्यक्ष ने यमुना साउथ बैंक रेलवे स्टेशन पर मूलभूत सुविधाओं के अभाव का मुद्दा उठाया। यह स्टेशन उनके जन्मभूमि पत्योरा, जनपद हमीरपुर (उत्तर प्रदेश) में स्थित है। प्लेटफॉर्म उच्चीकरण और फुट ओवरब्रिज न होने से यात्रियों को असुविधा होती है। उन्हें पटरियां पार करनी पड़ती हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्लेटफॉर्म उच्चीकरण, फुट ओवरब्रिज निर्माण और मूलभूत यात्री सुविधाओं की मांग की। जिला पंचायत सदस्य सोमवती निषाद की मांग पर उन्होंने हमीरपुर रोड रेलवे स्टेशन का मुद्दा उठाया। यहां सूबेदारगंज-लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की गई। इसके अतिरिक्त, आरक्षण काउंटर, फुट ओवरब्रिज और अन्य यात्री सुविधाओं की व्यवस्था भी मांगी गई।