राठ (हमीरपुर)। विधायक मनीषा अनुरागी ने शनिवार को मुख्यमंत्री को पत्र भेजा। उन्होंने हमीरपुर में लगातार बारिश से बर्बाद हुई फसलों और गिरे मकानों के लिए मुआवजे की मांग की है।
पत्र में बताया गया कि हमीरपुर में कई दिनों से अत्यधिक बारिश हो रही है। पिछले दो दिन से मूसलाधार बारिश और तेज आंधी-तूफान ने किसानों की फसलें नष्ट कर दी हैं। तिल, उड़द, मूंग, ज्वार, बाजरा और धान जैसी फसलें बर्बाद हो गई हैं। कई गरीब लोगों के कच्चे मकान गिर गए हैं। इससे प्रभावित परिवार खुले में रहने को मजबूर हैं, उनके सामने जीवन-यापन का संकट है। विधायक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से नष्ट फसलों का मुआवजा और फसल बीमा का लाभ मांगा। उन्होंने मकानों की क्षतिपूर्ति के लिए दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की। पत्र की प्रति जिलाधिकारी हमीरपुर को भेजी गई है।