सरीला (हमीरपुर)। आवासों की समस्या को लेकर ग्राम पंचायत सरीला के टोला गांव में भूमि प्रबंध समिति की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की और आवास योग्य भूमि पर पट्टा आवंटित कर आवास समस्या के समाधान का निर्णय लिया।
भूमि प्रबंध समिति के अध्यक्ष व ग्राम प्रधान नवल किशोर की अध्यक्षता में हुई बैठक में समिति के सदस्यों सहित ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे। बैठक में बताया गया कि गांव में बढ़ती जनसंख्या के चलते गरीब परिवारों के सामने आवास का संकट खड़ा हो गया है।
बैठक में बिजली, पेयजल, साफ-सफाई एवं नाली व्यवस्था जैसे विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित सदस्यों व ग्रामीणों ने इन समस्याओं के समाधान के लिए पंचायत स्तर पर प्रभावी कदम उठाने पर सहमति जताई।
ग्राम प्रधान नवल किशोर ने आश्वासन दिया कि भूमि पर पट्टा आवंटन की प्रक्रिया नियमों के तहत प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाई जाएगी और बिजली, पानी व स्वच्छता से जुड़े कार्यों को भी चरणबद्ध तरीके से कराया जाएगा।