हमीरपुर। गांव के जंगल में भैंस चराने गई महिला पर बिजली गिरने से मौत हो गई। सुबह शव मिलने पर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बिवांर थानाक्षेत्र के न्यूरिया गांव निवासी सावित्री देवी (60) सोमवार सुबह अपनी भैंस चराने गांव के पास जंगल में ले गई थी। वहीं शाम पांच बजे बारिश हो गई। इस पर महिला जंगल से निकल कर मैयादीन के खेत में भैंस लेकर आ गई। तभी बिजली गिरने से उनकी मौके पर मौत हो गई। सोमवार शाम करीब सात बजे भैंस वापस घर आ गई। लेकिन वृद्धा के घर न आने पर परिजनों ने तलाश शुरू की।
लेकिन रात तलाश नहीं पाए। मंगलवार सुबह परिजन गांव के लोगों के साथ तलाश करते खेतों में पहुंचे तो जहा शव मिला। मृतका के पुत्र महिपाल सिंह ने कुनेहटा चौकी में घटना की जानकारी दी। चौकी प्रभारी हरीशचंद्र ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना की सूचना पर परिजनों में कोहराम मचा है। चौकी प्रभारी ने बताया बिजली गिरने से महिला की मौत हुई है।