शिक्षिका से उद्यमी बनीं जनपद की बेटी संध्या सिंह तैयार करा रहीं रिसॉर्ट
यूपी इन्वेस्ट के माध्यम से प्रदेश सरकार संग किए पांच एमओयू, मिलेगा रोजगार
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। सिंगापुर में दो दशक से अधिक समय बिताकर उद्यमिता के क्षेत्र में पहचान बनाने वाली हमीरपुर की बेटी संध्या सिंह अब अपनी जन्मभूमि में निवेश कर रही हैं। सिंगापुर में शिक्षिका के रूप में करियर शुरू करने के बाद कारोबार से जुड़ीं संध्या अब एनएच-34 पर बेतवा पुल के पास करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से रिसॉर्ट तैयार करा रही हैं। इसका संचालन फरवरी 2027 से शुरू करने की तैयारी है। इससे जनपद के युवओं को रोजगार मिलेगा।
हमीरपुर के राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कुछेछा से संध्या ने स्नातक के बाद परास्नातक की शिक्षा भी प्राप्त की है। वर्ष 2005 में सिंगापुर गईं संध्या ने वहां करीब दस साल तक शिक्षिका के रूप में काम किया। इसके बाद कारोबार और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र से जुड़ गईं। उनके पिता श्रीराम पाल सिंह हमीरपुर बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। पति गजेंद्र सिंह का विशेष रसायनों का कारोबार पांच देशों में संचालित है। संध्या के अनुसार, सिंगापुर में उन्हें वहां की नागरिकता का प्रस्ताव भी मिला था, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया। उनका कहना है कि विदेश में अर्जित अनुभव और संसाधनों को अपनी जन्मभूमि में लगाना चाहती हैं।
-
रिसॉर्ट में होंगी कई सुविधाएं
संध्या के मुताबिक, रिसॉर्ट परियोजना पर करीब 50 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसमें लगभग 10 करोड़ रुपये जमीन खरीदने में लगे हैं। यहां 7200 वर्गफुट का बैंक्वेट हॉल, 25 हजार वर्ग फुट का खुला मैदान, दो छोटे हॉल, होटल के कमरे, स्विमिंग पूल, बच्चों के लिए अलग पूल, थिएटर, जिम और किड्स आर्केड की सुविधा होगी।
-
प्रदेश में पांच एमओयू किए
संध्या के अनुसार, वर्ष 2023 में निवेश सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उन्होंने बुंदेलखंड में निवेश की इच्छा जताई थी। यूपी इन्वेस्ट के माध्यम से प्रदेश सरकार के साथ पांच एमओयू किए हैं। हमीरपुर के अलावा बांदा, उन्नाव और लखनऊ में निवेश की योजनाएं हैं। उन्नाव में दो भूखंड लिए हैं। उन्होंने बताया कि निवेश की प्रक्रिया में यूपी इन्वेस्ट के साथ जिलाधिकारी अशोक कुमार और मुख्य विकास अधिकारी अरुण सिंह के साथ ही जनपद के सभी अधिकारियों का भी सहयोग मिल रहा है।
-
पर्यटन को मिल सकती है नई पहचान
हमीरपुर में यमुना-बेतवा संगम, यमुना पाथवे, प्राचीन कल्पवृक्ष, संगमहेश्वर धाम, पातालेश्वर मंदिर और चौरा देवी मंदिर प्रमुख दर्शनीय स्थल हैं। सर्दियों में यमुना पाथवे पर प्रवासी पक्षियों को देखने के लिए भी पर्यटक पहुंचते हैं। रिसॉर्ट में ठहरने की सुविधा मिलने से जिले के पर्यटन स्थलों पर आने वाले लोगों को रुकने का विकल्प मिल सकता है। इससे स्थानीय परिवहन, खानपान और कारोबार को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
फोटो 13 एचएएमपी 33- निवेश सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री योगी व केंद्रीय परिवहन मंत्री गडकरी के स