मौदहा (हमीरपुर)। कस्बे में जगह-जगह झूलते बिजली के तार किसी बड़ी दुर्घटना को न्योता दे रहे हैं। बिजली विभाग के कानों में जूं तक नहीं रेंग रही, जबकि कस्बा वासी लगातार विद्युत वितरण उपखंड अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर समस्या से अवगत करा चुके हैं।
विज्ञापन
वार्ड नंबर 15 नई बस्ती के निवासियों रामकुमार सोनी, ओम सोनी, रामकिशन, विनोद, रामआसरे, सुनील गुप्ता, राहुल आदि ने विद्युत वितरण उपखंड अधिकारी मौदहा को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि विद्या निकेतन स्कूल के पास एक पोल पर करीब 25 विद्युत कनेक्शन लटकाए गए हैं। इनके तार दीवारों के सहारे रास्ते में मात्र 5 फीट ऊंचाई पर लटक रहे हैं, जिससे आने-जाने वालों को भारी असुविधा हो रही है। ये तार कभी भी टूटकर दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। कई बार अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र एक नया विद्युत पोल लगाकर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे धरना-प्रदर्शन को बाध्य होंगे।