सुमेरपुर विकासखंड के पौथिया के मजरा नरेशपुरा में बिजली पानी और संपर्क
मार्ग का संकट दूर होगा। इसे लेकर सदर विधायक शिवचरन प्रजापति ने कहा कि वह
नरेशपुरा की सारी मूलभूत समस्याएं प्राथमिकता से हल कराएंगे।
पौथिया
से सटे नरेशपुरा मजरे की आबादी करीब 400 है। कुल मिलाकर करीब 100 परिवार इस
मजरे में निवास कर रहे हैं। लेकिन ग्रामीणों को बुनियादी सुविधाएं नहीं
मिल रही हैं। आजादी के बाद से इस गांव के लोगों को बिजली की सुविधा नहीं
मिल सकी है। जबकि इस जैसे तमाम गांवों को बिजली मुहैया कराई जा चुकी है।
इस
अभागे गांव के लोग आज भी बिजली के साथ पानी व सड़क जैसी बुनियादी समस्या
को तरस रहे है। गांव में ग्राम पंचायत की ओर से मजरे के चौराहे पर सोलर
लाइट अवश्य लगवा दी है, जो लोगों को रात में इस मजरे का अहसास कराती है।
जबकि बगल में पौथिया गांव बिजली की रोशनी से जगमगाता रहता है।
गांव में
पावर सबस्टेशन संचालित है जिसे देखकर ग्रामीण इसलिए हमेशा बेचैन रहते है कि
वहघर पर रखे बिजली उपकरणों का कब उपयोग कर सकेंगे। शुक्रवार 6 फरवरी को इस
मामले को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया। इस पर सदर विधायक
शिवचरन प्रजापति ने कहा कि यह उनके गांव का मजरा है।
यहां के लोगों से उनका
गहरा रिश्ता है। बिजली की समस्या शीघ्र हल हो जाएगी। इसके लिए पावर
कारपोरेशन ने सर्वे कर लिया है। ट्रांसफार्मर और खंभे लगाकर शीघ्र तारों को
खींचकर रोशनी दे दी जाएगी।
जिलाधिकारी संध्या तिवारी ने कहा कि पौथिया
के नरेशपुरा के लोगों को मूलभूत समस्याओं पर अधिकारियों के जरिए जांच कराई
जाएगी। इसके बाद ग्रामीणों को सुविधाओं से लैस करा दिया जाएगा।