कोतवाली क्षेत्र के करहिया गांव में बुधवार सुबह एक महिला ने घर में कमरा बंद कर फांसी लगा ली। घटना के पीछे गृह कलह को कारण बताया जा रहा है।
करहिया गांव निवासी श्रीराम श्रीवास और संध्या (32) की शादी आठ वर्ष पूर्व कुनहेटा गांव में हुई थी। पति-पत्नी में अक्सर विवाद होता रहता था। गृहकलह के चलते बुधवार सुबह संध्या ने तीनों बच्चों को बाहर भेजा और खुद कमरे में जाकर रस्सी से फांसी लगा ली।
पति का कहना है कि संध्या मानसिक रूप से बीमार थी। जिसके चलते उसने ये कदम उठाया। घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी उमर दराज खां और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीओ ने बताया कि मायके वालों और ग्रामीणों के बयान लिए हैं। उन्होंने महिला के मानसिक रूप से बीमार होने की बात से इंकार किया है। घटना की जांच कराई जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।