थाना ललपुरा के कलौलीजार गांव में एक विवाहिता की हत्या कर शव फांसी पर
लटका दिया गया। मृतका के पिता ने दामाद सहित सात ससुरालियों पर दहेज हत्या
का मामला दर्ज कराया है।
कलौलीजार गांव निवासी कल्याण सिंह की पत्नी
रीना (22) की बीती रात फांसी पर लटकने से मौत हो गई। सूचना पर थाना कुरारा
के लहरा गांव निवासी मायके पक्ष के लोग आ गए। मृतका के पिता नारायण सिंह ने
पुलिस को बताया कि उसने 13 फरवरी 2013 को रीना की शादी कल्याण सिंह के साथ
की थी।
शादी के बाद से ही ससुराली पक्ष के लोग दहेज की मांग कर बेटी को
प्रताड़ित करने लगे। भाई जयकरन सिंह ने बताया कि शनिवार की शाम करीब 8 बजे
बहनोई ने फोन पर कहा कि उसकी बहन लड़ रही है। तब उसने कहा बहन से बात कराओ
मैं समझा दूंगा तो उसने झूठ बोला कि वह सो गई है।
आरोप लगाया कि बहन की
हत्या करने के बाद उसे फोन पर झगड़ा करने की सूचना दी है। घटना की सूचना
पाकर स्थानीय पुलिस व तहसीलदार सालिगराम पहुंचे। शव को फांसी के फंदे से
उतारने के बाद पंचनामा भरवाया। पुलिस को कल्याण ने बताया कि शनिवार को अरहर
की फसल की कुटाई को लेकर विवाद हुआ था।
तभी उसने अपने ससुर को झगड़े की
बात बताई थी। लेकिन तब मामला शांत हो गया था। रात दस बजे वह दो वर्ष की
बेटी मनु के साथ घर के बाहर सो गया। वहीं पर उसकी मां सियादुलारी भी पहले
से ही सो रही थी। सुबह देखा तो घर के अंदर उसकी पत्नी फंदे पर लटकी थी।
मृतका के पिता नारायण की तहरीर पर पति कल्याण सिंह, सास सियादुलारी,
जिनेबाबू, धनीराम, मनोज, राकेश व दादू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।