बेकाबू बाइक ने दूसरी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी
जिससे एक महिला की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा देवर घायल हो गया। हादसे
में महिला की गोद में मौजूद नवजात बाल-बाल बच गया।
पड़ोसी जनपद फतेहपुर
के चांदपुर थाने के दपसौरा गांव निवासी बालेंद्र सिंह की पत्नी रोशनी (21)
ने एक माह पूर्व बच्चे को जन्म दिया था। गुरुवार की सुबह करीब 8.30 बजे
रोशनी अपने देवर रविकरन उर्फ पिंटू के साथ बाइक से बच्चे को जिला अस्पताल
दिखाने जा रही थी।
गांव से थोड़ा आगे पहुंचने पर पीछे से आ रहे अनियंत्रित
बाइक सवार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी जिससे रोशनी सिर के बल
सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई जबकि बच्चा बाल-बाल बच गया मगर बाइक
चला रहा देवर भी घायल हो गया। देवर ने घटना की सूचना परिजनों को दी।
आनन-फानन में परिजन पहुंचे और घायल रोशनी व पिंटू जिला अस्पताल ले गए। जिला
अस्पताल में चिकित्सकों ने रोशनी
को मृत घोषित कर दिया। कोतवाली पुलिस ने
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। घटना के बाद परिजनों में
कोहराम मच गया। गौरतलब हो कि रोशनी की बीते साल ही शादी हुई थी।