गोहांड में पारिवारिक विवाद में शराब के नशे में धुत्त एक युवक ने गांव के बाहर आम के पेड़ में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उधर, पौथिया कोतवाली क्षेत्र के कीरतपुर गांव में युवक ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
गोहांड कस्बे के जयप्रकाश नगर निवासी रामसनेही लोधी दस बीघा के काश्तकार है। उसके दो पुत्रों में छोटा अविवाहित पुत्र बबली ट्रैक्टर चालक और शराब का लती था। पिता ने बताया कि वह शराब के नशे में अक्सर जमीन अपने नाम कराने की जिद कर झगड़ता था। शनिवार देर रात ट्रैक्टर चलाकर घर आने पर खाने में देरी होने पर मां से कहासुनी हो गई।
नशे में होने के कारण हम लोगों ने ध्यान नहीं दिया। बबली उसी समय रात में चारपाई की रस्सी खोलकर गांव के बाहर अपने खेतों में गया और आम के पेड़ में चढ़कर फांसी लगा ली। रविवार सुबह ग्रामीणों ने उसे फांसी पर लटका देखकर जानकारी दी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
पुलिस चौकी प्रभारी अखिलेश यादव ने जानकारी से इंकार किया है। पौथिया प्रतिनिधि के अनुसार, कीरतपुर गांव निवासी सोनू (20) पुत्र मेंबर ने रविवार की दोपहर ढाई बजे घर अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगा ली। परिजन उसे जिला अस्पताल लाए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता ने बताया कि सोनू तीन पुत्रों में दूसरे नंबर का था। परिजनों में कोहराम मचा है। कोतवाली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।