कांशीराम कालोनी मराठीपुरा में एक ट्रक चालक को स्टेट बैंक के सामने बगिया में चार लोगों ने घेरकर उस पर चाकू से हमला कर 24 हजार रुपये छीन लिए। घटना की सूचना पर यूपी 100 व पुलिस पहुंच गई। घायल को सीएचसी पहुंचाया गया। दिनदहाड़े हुई घटना से हड़कंप मचा है। वहीं लोगों ने बताया मामला संदिग्ध है।
कांशीराम कालोनी में ठाकुर नाम व्यक्ति रहता है जो पेशे से ट्रक चालक है। उसने बताया उसे हरदोई से ट्रक में माल भरकर नागपुर जाना था। उसने अपना ट्रक एक पेट्रोल पंप खड़ा किया और अपने घर जा रहा था। तभी शुक्रवार दोपहर स्टेट बैंक से कुछ ही दूर पर बगिया नाम से खाली पड़े मैदान से होकर जाते चार युवकों ने उसे घेर लिया।
एक ने चाकू से उसके ऊपर वार कर दिया। बचते बचाते उसने भागने की कोशिश की और शोर मचाया। इसी बीच उक्त युवकों ने उससे 24 हजार रुपये छीन लिए। कोतवाल विक्रमाजीत सिंह ने बताया ठाकुर और कल्लू के बीच रंजिश चल रही है। कल्लू ने उस पर तीन साल पहले 307 का मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की जांच की जा रही है।