मुस्करा में घटनास्थल पर मौजूद पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
थानाक्षेत्र के दामूपुरवा गांव के पास ऐचाना निवासी एक साइकिल सवार वृद्ध को तेज रफ्तार मौरंग भरे ट्रक ने टक्कर मार दी। सूचना पर पुलिस ने वृद्ध को 108 एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने वृद्ध के पास मिली आईडी व मोबाइल के जरिये उसकी शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी है।
जिला महोबा के थाना खरेला के ऐचाना निवासी मूलचंद (65) साइकिल से चिल्ली अपनी रिश्तेदारी में गए थे। वह दामूपुरवा की ओर जा रहे थे, तभी राठ की ओर से मौरंग भरकर हमीरपुर जा रहे ट्रक ने दामूपुरवा खड़ेही गेट के पास उनकी साइकिल में जबरदस्त टक्कर मार दी।
जिससे मूलचंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि घटना की जानकारी मिलते ही मुस्करा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक एके सिंह ने 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा जहां मौजूद चिकित्सक डा. बृजेश राजपूत ने वृद्ध को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि बुजुर्ग के पास मिले मोबाइल एवं वोटर आईडी के जरिये उसकी पहचान मूलचंद के रूप में की गई है। परिजनों को घटना की जानकारी दी है। उनके आने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। मूलचंद्र के पुत्र नंदकिशोर ने ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला है।