गेहूं खरीद के छठवें दिन भी किसान खरीद केंद्रों पर
नहीं पहुंचे। वहीं जिलाधिकारी के आदेश के बावजूद खरीद केंद्रों वाले नीलामी
चबूतरा के टीनशेड को अभी तक व्यापारियों ने खाली नहीं किया है। वहीं
व्यापारियों का कहना है कि भाव में गिरावट होने के चलते वह अपना अनाज कहां
ले जाएं।
जिलाधिकारी संध्या तिवारी बीते शनिवार को खरीद केंद्रों का
जायजा लेने के लिए भरुआसुमेरपुर कसबे की नवीन गल्ला मंडी में संचालित हॉट
शाखा व पीसीएफ के केंद्रों पर पहुंची। उन्होंने अव्यवस्थाओं को देखकर
नाराजगी जताई। साथ ही खरीद केंद्रों के आसपास ज्वार के ढेरों को देखकर
प्रभारी मंडी सचिव से तत्काल टीन शेड को खाली कराने के निर्देश दिए।
जिस पर
प्रभारी मंडी सचिव ने संबंधित व्यापारियों को नोटिस जारी कर दिया। लेकिन
व्यापारियों ने अभी तक अपना खाद्यान्न टीनशेड से नहीं हटाया है। हालांकि
अभी भी खरीद केंद्राें पर किसान गेहूं बेचने नहीं आ रहा है। प्रभारी मंडी
सचिव का कहना है कि व्यापारियों को नोटिस जारी कर दिया गया है और खाद्यान्न
हटाने का कार्य जारी है।