मौदहा कोतवाली क्षेत्र में मकरांव के निकट हाइवे पर कानपुर-सागर राष्ट्रीय
राजमार्ग में बीती रात एक ट्रक ने भूसे से भरी ट्रैक्टर-ट्राली में पीछे से
टक्कर मार दी। जिससे ट्रैक्टर ट्राली के आगे लेटे तीन लोगों की मौके पर
दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने गुरुवार सुबह तीनों शवों की पहचान कर
पोस्टमार्टम भेजा। घटना स्थल के पास ही डस्ट से भरा ट्रक क्षतिग्रस्त होकर
खड़ा हो गया।
कानपुर जनपद के घाटमपुर थानाक्षेत्र के परास गांव निवासी
अरविंद (40) पुत्र प्रभु, अमर सिंह (45) पुत्र छोटेलाल, वीरेंद्र (25)
पुत्र चैतू, ट्रैक्टर चालक अवधराज, दयालाल व मान सिंह क्षेत्र के किसी गांव
से ट्रैक्टर ट्राली पर भूसा लादकर निकले। रात करीब 8 बजे मकरांव गांव के
निकट तेल खत्म होने पर ट्रैक्टर हाइवे पर खड़ा हो गया।
इसके बाद ट्रैक्टर
चालक अवधराज, दयालाल व मान सिंह कसबे के बड़े चौराहे स्थित एक पंप पर आए और
दो लीटर डीजल लेकर रोडवेज की बस पर बैठ गए। लेकिन परिचालक ने उन्हें पैसा न
होने की वजह से रास्ते में ही उतार दिया, इसमें उनकी डीजल भरी केन बस में
ही छूट गई। जब तक वे लोग ट्रैक्टर ट्राली के पास पहुंचे।
इसके पहले ही
ट्रैक्टर के पीछे से डस्ट भरे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे ट्रैक्टर
के आगे लेटे अमर सिंह व अरविंद ट्रैक्टर ट्राली के बीच में लेटा था। टक्कर
से ट्राली के पहिए दोनों के ऊपर से निकल गए। जिससे इनकी घटना स्थल पर ही
मौत हो गई। इसके बाद कुछ दूर पर जाकर ट्राली पलट गई।
जिससे ट्रैक्टर ट्राली
के ऊपर लेटा मजदूर वीरेंद्र भूसे के अंदर घुसकर फंस गया। दम घुटने से उसकी
भी मौत हो गई। पिकेट ड्यूटी पर तैनात लोगों को पुलिस ने सूचना दी। रात में
ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और मृतकों को बाहर निकाला।
ट्रक के
क्षतिग्रस्त होने पर चालक मौके से भाग निकला। गुरुवार को सुबह पुलिस ने शवो
को पोस्टमार्टम को भेजा। वहीं क्षेत्राधिकारी भी पुलिस बल के साथ घटना
स्थल पर पहुंचे। अभी तक घटना की तहरीर नहीं मिली। कोतवाली प्रभारी रज्जनलाल
ने बताया कि तहरीर आते ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।