पुलिस निष्क्रियता से चोरी की घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। शनिवार की रात चोरों ने धमना गांव के पांच घरों को निशाना बनाया और दो घरों से लाखों के जेवरात और नकदी ले गए। चोरी की इन घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत है। पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी है।
कोतवाली के धमना गांव में शनिवार रात चोरों ने धर्मदास पुत्र राजाराम अहिरवार के घर को निशाना बनाया। चोरों ने धर्मदास के दरवाजे की अंदर से हाथ डाल कुंडी खोल ली। तब परिजन सो रहे थे। चोर कमरे में रखा एक बक्सा उठा ले गए। दूसरे बक्से को वहीं खोल कर सामान निकालने लगे।
तभी खटपट की आवाज सुन बगल के कमरे में सो रही अनीता पत्नी देवेंद्र जाग गई। अनीता ने बताया कि वह कमरे में पहुंची और चोरों से भिड़ गई। उसी दौरान एक चोर ने उसके हाथ में डंडा मार दिया और जब तक वह संभल पाती चोर भाग गए।
अनीता ने बताया कि चोर बक्से में रखे तीन जोड़ी सोने की झुमकी, एक जोड़ी सोने के कनफूल, सोने की मनचली, एक तोला सोने का हार, एक तोला सोने की जंजीर, डेढ़ तोला सोने का मंगलसूत्र, सोने की चार चूड़ियां, करीब 250 ग्राम चांदी की पायलें और 20 हजार रुपये ले गए।
इसके बाद चोरों ने गांव के हेमेंद्र पुत्र पूरनलाल के घर को निशाना बनाया। हेमेंद्र ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ कमरे में सो रहा था। चोर घर की दीवार फांदकर अंदर घुसे। पीड़ित की मां पुष्पा देवी ने बताया कि चोर कमरे में रखी अलमारी तोड़ उसमें रखे सोने की बैंदी, हार, जंजीर, चार चूड़ियां, मंगलसूत्र, पांच सोने के हार झुमकी, चूरा, नथनी, छह अंगूठी व चांदी की पायलें, मीना, हाफ पेटी, चांदी के पांवपोश, और 82 हजार रुपये चोर ले गए हैं।
बताया कि सुबह जब नींद खुली पत्नी जलेश सहित सभी को बेहोशी छाई हुई थी। अनुमान है कि चोरों ने उन्हें नशीला पदार्थ सुंघाया। इसके बाद चोर गांव के जयप्रकाश उर्फ पप्पू और चंदन सिंह की दुकान का ताला तोड़कर गुटखा व सामान ले गए। वहीं रामसहोदर लोधी के घर में चढ़कर घर के अंदर रखी लोहे की सब्बल और कुल्हाड़ी चोरी कर ले गए।
गांव में हुई इस चोरी की वारदात से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। धर्मदास ने बताया कि घटना के तत्काल बाद रात करीब ढाई बजे उसने 100 नंबर पर फोन कर चोरी होने की सूचना दी थी। बताया कि रविवार की दोपहर करीब 11 बजे कोतवाली पुलिस आई।