रात में बिजली कटौती से चोरों की घटनाएं फिर शुरू हो गईं। रविवार रात चोर
आभूषण बनाने वाले कारीगर के घर का ताला तोड़ लाखों के बने-अधबने जेवर चुरा
ले गए। कारीगर पत्नी के साथ एक तेहरवीं संस्कार में शामिल होने गया था।
खरेला
थाने के कुआंबाटी गांव निवासी प्रेमनारायन पुत्र सुदामा सोनी राठ
कसबे के खुशीपुरा में चंद्रप्रकाश सोनी के मकान में किराए पर रहता
है। प्रेमनारायन ने बताया कि वह बाजार के सर्राफा दुकानदारों के जेवरात
बनाने का काम करता है।
बताया कि रविवार को ससुराल उमरी में नाना की तेहरवीं
संस्कार में पत्नी अंजली के साथ घर पर ताला लगाकर गया था। पड़ोस में रहने
वाली चचेरी बहिन शकुंतला के घर वह अपने तीन मासूम बच्चों निशि, अनन्या और
सती को छोड़ गया था।
रात में चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ घर के
अंदर बनी दुकान में घुस गये। चोरों ने दुकान में सामान खंगाला और वहां रखे
सोने चांदी के जेवर ले गए।
इसके बाद चोर ऊपर कमरे में गए और अलमारी को तोड़
करीब 45 ग्राम सोने की कंठी व झुमकी, 5 चांदी के बिछुओ, 10 जोड़ी अधबनी
चांदी की पायलें, कच्चा माल सहित करीब 8 किलो चांदी के बने अधबने जेवरात
चुरा ले गए।
सुबह बहनोई ने दरवाजे का ताला टूटा देखा तो हड़कंप मच गया।
मोहल्ले के लोगों को जब चोरी की जानकारी हुई तो भीड़ लग गई। कोतवाली के
एसआई गोपाल अवस्थी ने दलबल के साथ मौके पर पहुंच घटना का जायजा लिया।