सरीला में मकान के बाहर परिजनों से घटना की जानकारी लेते सीओ।
- फोटो : अमर उजाला
कस्बे के गुरुदेव मोहल्ले में सोमवार की रात चोरों ने रिटायर्ड एडीओ के घर को निशाना बनाया। लाइसेंसी रिवाल्वर, नगदी व लाखों रुपये के जेवर चोरों ने पार कर दिया। घर में सो रहे लोगों को सुबह जानकारी हुई। सीओ ने घटनास्थल पर जाकर जानकारी ली। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने जल्द चोरी के खुलासे का दावा किया है।
कस्बे के रामकिशन अनुरागी रिटायर्ड एडीओ (सहायक विकास अधिकारी) हैं। वह सपरिवार गुरुदेव मोहल्ले में रहते हैं। उनकी पत्नी कुसुम चार दिन पहले शादी समारोह में शामिल होने उरई गई हैं। बड़ा बेटा अभय इलाहाबाद व छोटा बेटा भूपेंद्र दिल्ली में रहकर पढ़ाई कर रहा है। सोमवार की रात चोरों ने उनके घर में घुसकर कमरे का ताला तोड़ा और अलमारी में रखी लाइसेंसी रिवाल्वर, आधा दर्जन से अधिक कारतूस, 14 हजार नगदी, सोने की जंजीर, झुमकी, टॉप्स तथा चार जोड़ी पायल व हॉफपेटी सहित करीब ढाई लाख रुपये के जेवर पार कर दिए। रामकिशन ने बताया कि उन्हें चोरी की जानकारी सुबह हो सकी। चोर बाहर से कुंडी भी लगा गए। वह बगल के कमरे में लेटे थे।
उनकी बेटी नीलम व उसकी बेटियां मोहिनी (18) व तेजला (14) ऊपर के कमरों में ताले डालकर सोने चली गई थी। अलमारी की चाभी भी नीलम के पास थी। लोगों के अनुसार, ऐसा लग रहा है कि चोर पहले से ही मकान के अंदर घुस गए और आसानी से चोरी कर भाग निकले। सीओ योगेंद्र कुमार ने घटनास्थल का जायजा लिया। थानाध्यक्ष जरिया महेंद्र कुमार का कहना है कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शीघ्र ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।