यमुना पुल के पास दुर्गा मंदिर मोड़ पर रविवार को बेकाबू स्विफ्ट कार की टक्कर से एक अधेड़ की मौत हो गई और तीन अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कार ने दो बाइकों को टक्कर मारी थी। एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे कानपुर रिफर कर दिया गया है।
महोबा जनपद के बहिंगा गांव निवासी महेश्वरीप्रसाद (40) पुत्र मुलुवा व अवधेश (50) पुत्र भगवानदीन एक बाइक से तथा दूसरी बाइक से मौदहा के सिजनौड़ा निवासी रामसुहावन (35) व आनंदेश्वर प्रसाद (55) निवासी नेशनल चौराहा मौदहा रविवार दोपहर सजेती, कानपुर स्थित अमौली गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
दोनों बाइकें आगे पीछे कुछ दूरी के अंतराल में चल रही थी। बाइक सवार जैसे ही यमुना नदी पुल पार कर दुर्गा मंदिर के पास पहुंचे, तभी कानपुर की ओर से आ रही अनियंत्रित कार चालक ने महेश्वरी प्रसाद की बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर भीषण होने से वह उछलकर पीछे बाइक चला रहे रामसुहावन के ऊपर जा गिरा। जिससे यह बाइक भी असंतुलित होकर गिर गई। इस दुर्घटना में महेश्वरी प्रसाद की बाइक में पीछे बैठे अवधेश (50) की मौके पर मौत हो गई।
जबकि अन्य तीनों लोग घायल हो गए है। आनंदेश्वर प्रसाद के मुख्यालय में रहने वाले रिश्तेदाराेें ने दूसरे वाहन से घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।