राठ-हमीरपुर मार्ग के अति जर्जर हिस्से के मरम्मत
कार्य का बीड़ा एक मौरंग व्यवसायी ने उठाया है। कुछेछा मोड़ से छानी तक
सड़क के बड़े-बड़े गड्ढों में ईंट का रोरा, पथरी व बजरा डलवाने का काम शुरू
हो गया है। जिससे आवागमन में थोड़ी सी राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
राठ-हमीरपुर
मार्ग की दुर्दशा किसी से छिपी नहीं है। वहीं मार्ग के निर्माण के लिए बजट
भी जारी हो चुका है, लेकिन किन्हीं कारणों से अभी तक मार्ग का निर्माण
शुरू नहीं हुआ है।
राठ मोड कुछेछा से छानी गांव तक यह सड़क पूरी तरह
बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई है। निर्माण कार्य का बजट जारी होने से
लोनिवि अब मरम्मत का कार्य भी नहीं कर रही है।
मरम्मत न होने से लोगों को
आवागमन में भारी परेशानियों से जूझना पड़ता है। समस्या देखते हुए सड़क की
मरम्मत का कार्य कराने का बीड़ा एक मौरंग व्यवसायी ने उठाया है।
मौरंग
व्यवसायी गुड्डू सिंह ने इस सड़क के गड्ढों में ईंट, पत्थर व बजरा डलवाकर
सड़क को चलने लायक बना रहे हैं। इस कार्य को देखकर लोगों ने कुछ राहत की
सांस ली है।
सड़क में मरम्मत का कार्य करा रहे मेट जगराम ने बताया कि अभी
छानी की तरफ गड्ढे भरवाने का काम शुरू किया है। राठ मोड़ तक यह काम किया
जाना है।
उन्होंने बताया कि गड्ढों के कारण मौरंग लेकर गुजरने वाले ट्रक आए
दिन खराब हो रहे थे। इससे व्यापार प्रभावित हो रहा था। इसे देखते हुए
गड्ढों को पाटने का काम खुद करवा रहे हैं, इससे व्यापार के साथ ही आम लोगों
को भी कुछ राहत मिलेगी।