ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि व पीएचसी, भरुआसुमेरपुर के चिकित्सकों के बीच हुए विवाद के मामले में मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग के जेडी जांच करने आए। उन्होंने चिकित्सक के बयान दर्ज किए। जबकि दूसरा पक्ष उपस्थित नहीं हो सका।
18 जून को एक महिला के मेडिकल को लेकर ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि जयनारायन सिंह यादव व अस्पताल में मौजूद डा.अनिल सिंह वर्मा में विवाद हो गया था।
अगले दिन जिले के पीएचसी व सीएचसी के चिकित्सकाें व स्वास्थ्य कर्मियों ने प्रदर्शन कर ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। मौदहा में प्रांतीय चिकित्सक संघ की बैठक के बाद 26 जून से मेडिको लीगल का बहिष्कार किया गया।
मामले को तूल पकड़ता देख जिलाधिकारी संध्या तिवारी ने जांच के लिए अपर पुलिस अधीक्षक व अपर जिलाधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी। जिस पर एडीएम ने बीते दिनों दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए।
ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि ने चिकित्सकों द्वारा पीड़ितों के साथ अभद्रता किए जाने की मंडल के जेडी से शिकायत की। इस पर विभाग केे जेडी डा.रमन नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और डा.अमित वर्मा के बयान दर्ज किए।
वहीं दूसरा पक्ष ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि किसी कारण से बयान देने नहीं आ सके। जेडी ने कहा कि मामले की जांच का निष्कर्ष दोनों पक्षों के बयान लेने के बाद भी हो सकेगा।