शासन के महाधिवक्ता विजय बहादुर सिंह के नगर आगमन पर उनका भव्य स्वागत किया गया। हैलीपैड पर पार्टी कार्यकर्ताओं, अधिवक्ताओं तथा समाजसेवियों ने उन्हें फू ल मालाओं से लाद दिया। बाद में महाधिवक्ता ने शासकीय अधिवक्ताओं के साथ बैठक कर मुकदमों की समीक्षा की।
रविवार को महाधिवक्ता विजय बहादुर सिंह लगभग 12 बजे हैलीकाप्टर से बीएनवी डिग्री कालेज के ग्राउंड पर उतरे। यहां से सीधे महाविद्यालय स्थित स्वामी ब्रह्मानंद की समाधि पर पहुंचकर पुष्प अर्पित किए। महाधिवक्ता तहसील पहुंचे और उन्हाेंने हमीरपुर-महोबा के प्रशासनिक अधिकारियों, शासकीय अधिवक्ताओं, अभियोजन अधिकारियों के साथ मुकदमों से संबंधित समीक्षा की।
शासकीय अधिवक्ता डीजीसी वीरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि जिले में एससी/एसटी के करीब 729 वाद विचाराधीन हैं। एनडीपीएस मुकदमों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
महोबा के डीजीसी इंद्रपाल सिंह ने कहा कि मालखाना जर्जर हो चुका है। हर छह महीने में माल निस्तारण की समीक्षा होनी चाहिए। महाधिवक्ता ने समस्याओं पर निराकरण का आश्वासन दिया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दिनेश पाल सिंह, एडीएम राजेश प्रजापति, अपर आयुक्त, सीडीओ अवधेश बहादुर, एसडीएम रामअक्षयवर सिंह, सीओ सीताराम, कोतवाली इंचार्ज रामपाल यादव सहित सभी अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रदेश सरकार के महाधिवक्ता/पूर्व सांसद विजय बहादुर सिंह ने रविवार को कसबे के चित्रगुप्त इंटर कालेज में नवनिर्मित श्रीकृृष्ण सभागार का लोकार्पण किया। महाधिवक्ता ने विद्यालय की प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि किताबी शिक्षा के साथ ही बच्चों को व्यवहारिक तथा व्यावसायिक ज्ञान मिलना चाहिए।
उन्हाेंने कहा कि देश तरक्की तभी होगी जब लोग शिक्षित होंगे। आज स्कूलों का व्यवसायीकरण हो गया है। बुंदेलखंड में अभी भी अशिक्षा का माहौल है। इस पिछडे़ क्षेत्र के गरीब बच्चों के लिए वह एक स्कूल खोल रहे हैं, जिससे यहां के बच्चे दिल्ली और नोएडा के बच्चों से प्रतिस्पर्धा कर सकें।
महाधिवक्ता के विद्यालय में प्रवेश करते ही बच्चों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य सत्यनारायण सिंह परिहार ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन विजय मिश्रा ने किया। डा.रामरतन गुप्ता, हरिमोहन चंसौरिया, डा.सीपी सांवल, डा.जमील राठवीं, रणविजय सिंह, लखनलाल लोधी, सुशील सक्सेना, देवेंद्र सिंह, पहलवान सिंह सहित समस्त स्टाफ व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।